आखिरी सेट में 15-12 का रोमांचक वार! देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने जीता वॉलीबॉल का खिताब.. संपन्न हुई क्रीडा प्रतियोगिता
अम्बेडकर नगर।
जलालपुर तहसील अंतर्गत बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज परुईय्या आश्रम में चल रही डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या की अंतरमहाविद्यालयीय वॉलीबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता में देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने खिताब जीत लिया। दो दिवसीय प्रतियोगिता के फाइनल में टीम ने विश्वविद्यालय आवासीय परिसर को 25-22, 20-25 और 15-12 से हराकर स्वर्ण पदक व विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। तीन सेटों तक चले मुकाबले में निर्णायक सेट का 15-12 का स्कोर जीत-हार का फैसला कर गया। दूसरे दिन मुख्य अतिथि कोतवाल,जलालपुर अजय प्रताप सिंह यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर सेमीफाइनल मुकाबलों का शुभारंभ किया। पहले सेमीफाइनल में देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने बीएनकेबी पीजी कॉलेज को हराया, जबकि दूसरे में विश्वविद्यालय आवासीय परिसर ने केएनआई सुल्तानपुर को शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में कप्तान भानु प्रकाश के नेतृत्व वाली देव इंद्रावती की टीम ने पहला सेट 25-22 से जीता। विश्वविद्यालय आवासीय परिसर ने दूसरा सेट 25-20 से जीतकर मुकाबले में वापसी की, लेकिन निर्णायक सेट में देव इंद्रावती ने 15-12 से बाजी मार ली। धीरज यादव के नेतृत्व वाली विश्वविद्यालय की टीम उपविजेता रही। विजेता टीम के प्रबंधक डॉ. आकाश श्रीवास्तव और कोच मनोज कुमार तथा उपविजेता टीम के कोच डॉ. अनुराग पाण्डेय के मार्गदर्शन की सराहना की गई। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश भाजपा संकुल के सहसंयोजक डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि फैजाबाद-गोरखपुर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी अजय कुमार सिंह, प्रबंध निदेशक पूज्य महंत देवेन्द्र दास और प्राचार्य प्रो. परेश कुमार पाण्डेय ने विजेता-उपविजेता टीमों तथा निर्णायक मंडल को ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया।
डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी ने कहा कि खेल युवाओं में चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक ऊर्जा विकसित करते हैं। परिणाम से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना और अनुशासन है। महंत देवेन्द्र दास ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि बाबा बरुआ दास की तपोभूमि पर युवाओं ने स्वस्थ खेल संस्कृति की मिसाल पेश की है। प्राचार्य प्रो. परेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, जबकि निरंतर प्रयास और खेल आदर्श खिलाड़ी की वास्तविक पहचान हैं। उपप्राचार्य प्रो. पवन कुमार गुप्त ने खेल को व्यक्तित्व विकास का आधार बताया। आयोजन सचिव डॉ. कुलदीप सिंह ने प्रतिवेदन प्रस्तुत कर आभार जताया।
विश्वविद्यालय के क्रीड़ा पर्यवेक्षक डॉ. सूरज प्रसाद और प्रो. पूनम जोशी ने व्यवस्थाओं की सराहना की। आयोजन में कार्यालय अधीक्षक अतुल कुमार, छात्र स्वयंसेवकों, पंजीकरण, स्वागत, तकनीकी, जलपान, प्रचार-प्रसार, प्राथमिक चिकित्सा, पुरस्कार एवं समारोह और अनुशासन समितियों के सदस्यों ने सहयोग किया। मीडिया प्रबंधन डॉ. सत्येन्द्र कुमार यादव, डॉ. सुधीर कुमार पाण्डेय और डॉ. सत्यप्रकाश पाण्डेय ने संभाला। छायांकन आशीष शर्मा और अनिल केसरी ने किया, जबकि संचालन डॉ. सत्यप्रकाश पाण्डेय ने किया।
वीसी प्रो. बिजेंद्र सिंह ने किया अंतरमहाविद्यालयीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, 18 टीमों के बीच शुरू हुआ मुकाबला
महाविद्यालय में वॉलीबॉल का रोमांच,
कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह ने किया अंतरमहाविद्यालयीय प्रतियोगिता का शुभारंभ, खिलाड़ियों को दिया अनुशासन और खेल भावना का संदेश

अंबेडकरनगर।जलालपुर तहसील क्षेत्र के बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज, परुइया आश्रम में सोमवार को अंतरमहाविद्यालयीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आगाज हुआ। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता में 18 महाविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन से दर्शकों में उत्साह भर दिया। विश्वविद्यालय परिसर और देव इंद्रावती पीजी कॉलेज की टीमों ने जीत के साथ अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले मंगलवार को खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती, बाबा बरुआ दास, पं. राधे मोहन द्विवेदी और डॉ. राममनोहर लोहिया के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद फीता काटकर और शांति के प्रतीक श्वेत कपोत व रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर खेल महोत्सव का शुभारंभ किया गया। कुलपति ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उद्घाटन मुकाबले का टॉस कराया। पहला मुकाबला कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान, सुल्तानपुर और श्री विश्वनाथ महाविद्यालय, कलान के बीच हुआ। इसमें केएनआई सुल्तानपुर की टीम ने जीत दर्ज की। इसके बाद बीएनकेबी पीजी कॉलेज ने साकेत पीजी कॉलेज को हराया, जबकि मेजबान बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज ने संत तुलसीदास पीजी कॉलेज को शिकस्त दी। देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने बैजनाथ शिवकला पीजी कॉलेज के खिलाफ जीत हासिल की। विश्वविद्यालय परिसर की टीम ने कड़े मुकाबले में मेजबान टीम को पराजित किया। वहीं, देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने पं. रामचरित्र पीजी कॉलेज को हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। दूसरे सेमीफाइनल में केएनआई सुल्तानपुर और विश्वविद्यालय परिसर की टीम के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में विश्वविद्यालय परिसर की टीम विजयी रही। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये जीवन में अनुशासन, संयम और प्रतिबद्धता की सीख देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निर्णायक मंडल के फैसलों का सम्मान करने और स्वस्थ खेल भावना के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में संबद्ध महाविद्यालयों के बीच सात दिवसीय वृहद अंतरमहाविद्यालयीय क्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना पर काम चल रहा है।

कुलपति ने डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण और समाजवादी विचारधारा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. परेश कुमार पाण्डेय ने अतिथियों, टीम प्रबंधकों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों का स्वागत किया। कार्यक्रम संयोजक एवं क्रीड़ा सचिव डॉ. कुलदीप सिंह ने खिलाड़ियों से अनुशासन बनाए रखने और प्रतियोगिता की गरिमा के अनुरूप प्रदर्शन करने की अपील की। उपप्राचार्य प्रो. पवन कुमार गुप्त ने अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन में सहयोग करने वाले कर्मचारियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सत्यप्रकाश पाण्डेय ने किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधतंत्र के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक महंत देवेन्द्र दास, उप प्रबंधक पूर्णमासी यादव, विश्वविद्यालय क्रीड़ा सचिव प्रो. आशीष प्रताप सिंह, क्रीड़ा पर्यवेक्षक प्रो. पूनम जोशी, पूर्व प्राचार्य डॉ. शिवमूर्ति वर्मा, डॉ. केके मिश्र, डॉ. मोतीलाल वर्मा सहित अनेक शिक्षाविद् और पूर्व कर्मचारी उपस्थित रहे। सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, रामप्रकाश यादव, जिला पंचायत सदस्य आलोक यादव, अशोक उपाध्याय, शिवपूजन वर्मा, शिवराम मिश्र, रमापति उपाध्याय और अविनाश सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी और खेलप्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के अगले दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के साथ विजेता टीम का फैसला होगा।
अंबेडकर नगर: सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन
अंबेडकर नगर। गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पंचायत भवन जफरपुर गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राम प्रकाश यादव और अभियान संयोजक विकाश निषाद का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान  महिलाओं को संबोधित करते हुए राम प्रकाश यादव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं। सरकार ने उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं।
अभियान संयोजक विकाश निषाद ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज सेवा का संकल्प है। हमारा लक्ष्य हर गांव और हर परिवार तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है। महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं का प्रचार-प्रसार  प्राथमिकता है। नोडल अधिकारी एवं एडीओ पंचायत बृजेश वर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते योजनाओं के बारे जानकारी दी। इस अवसर पर  प्रधान दुर्गेश उपाध्याय , पंचायत सहायिका ज्योति , पूर्व प्रधान सदाशिव गोस्वामी, राजेश पांडे ,राहुल यादव समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।