प्रैक्टिकल फीस के नाम पर विद्यार्थियों से अवैध वसूली! जनता कांग्रेस ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन

रायपुर- सी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग, रायपुर में बी.एससी. नर्सिंग के विद्यार्थियों से प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर अतिरिक्त शुल्क मांगे जाने का मामला सामने आने के बाद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने इस मामले को गंभीरता से उठाया है। विद्यार्थियों से प्राप्त शिकायत के आधार पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने पहले शुक्रवार को स्वयं कॉलेज पहुंचकर विद्यार्थियों से मुलाकात की थी और कॉलेज प्रबंधन को इस प्रकार की अतिरिक्त वसूली बंद करने की चेतावनी दी थी। वहीं आज उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति से मुलाकात कर पूरे मामले की लिखित शिकायत की और तत्काल जांच एवं कार्रवाई की मांग की।

निलेश चौहान ने बताया कि शुक्रवार को कॉलेज पहुंचने पर विद्यार्थियों ने शिकायत की थी कि उनसे प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर एक विषय के लिए 1,000 रुपये तथा दूसरे विषय के लिए 1,500 रुपये तक की अतिरिक्त राशि मांगी जा रही है। विद्यार्थियों की शिकायत सुनने के बाद उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से चर्चा कर स्पष्ट किया था कि परीक्षा के नाम पर विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय के निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त किसी भी प्रकार की राशि की मांग करना उचित नहीं है। उन्होंने प्रबंधन को विश्वविद्यालय के निर्देशों का पालन करने और विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव नहीं बनाने की चेतावनी दी थी।

इसके बाद आज निलेश चौहान ने विश्वविद्यालय के कुलपति से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने विश्वविद्यालय के आदेश क्रमांक 52/D.U.H.S./गोप./2026, दिनांक 28 जनवरी 2026 का उल्लेख करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में प्रायोगिक परीक्षा के नाम पर विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही सभी संबद्ध महाविद्यालयों को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जब विश्वविद्यालय द्वारा पहले ही अतिरिक्त शुल्क नहीं लेने का स्पष्ट आदेश जारी किया जा चुका है, तो इसके बावजूद विद्यार्थियों से प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर अतिरिक्त राशि की मांग किए जाने की शिकायत गंभीर विषय है। इससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ता है। विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह अपने आदेशों का पालन सभी संबद्ध महाविद्यालयों में सुनिश्चित कराए।

निलेश चौहान ने कुलपति से मांग की कि सी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग के पूरे मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए, विद्यार्थियों से अब तक वसूली गई अतिरिक्त राशि वापस कराई जाए तथा जांच पूरी होने तक प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर किसी भी प्रकार की अतिरिक्त शुल्क वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए। यदि जांच में विश्वविद्यालय के आदेशों का उल्लंघन प्रमाणित होता है, तो संबंधित कॉलेज प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

निलेश चौहान ने कहा कि नर्सिंग के विद्यार्थी अपने भविष्य को संवारने के लिए मेहनत कर रहे हैं। ऐसे में परीक्षा और प्रैक्टिकल के नाम पर उनसे अतिरिक्त पैसे मांगना उनके साथ अन्याय है। विश्वविद्यालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद यदि इस प्रकार की वसूली की शिकायतें सामने आती हैं, तो विश्वविद्यालय प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए। केवल आदेश जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका जमीनी स्तर पर पालन भी सुनिश्चित होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शुक्रवार को कॉलेज पहुंचकर प्रबंधन को चेतावनी देने के बाद आज कुलपति के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई है। जनता कांग्रेस विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए इस मामले को लगातार उठाती रहेगी। विद्यार्थियों से वसूली गई अतिरिक्त राशि वापस कराना और भविष्य में ऐसी वसूली पर पूरी तरह रोक लगवाना हमारी प्राथमिकता है। विद्यार्थियों के आर्थिक शोषण को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

निलेश चौहान ने विश्वविद्यालय प्रशासन से आग्रह किया कि मामले में बिना देरी किए जांच शुरू कर दोषियों की जवाबदेही तय की जाए तथा विद्यार्थियों को राहत प्रदान करते हुए की गई अतिरिक्त वसूली की राशि वापस कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर मुख्य रूप से युवा प्रदेश संयोजक नवीन अग्रवाल, अभय सिंह, सत्यम डोंगरे, योगेन्द्र देवांगन, मो. नजीब, नवेद कुरैशी सहित जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

रायपुर में नर्सिंग कॉलेज पर प्रैक्टिकल के नाम पर अतिरिक्त वसूली का आरोप, जनता कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

रायपुर- छत्तीसगढ़ कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बोरियाकला में प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर विद्यार्थियों से कथित रूप से अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने का मामला सामने आया है। छात्रों की इस समस्या को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की टीम ने कॉलेज पहुंचकर प्रबंधन से मुलाकात की और तत्काल अतिरिक्त वसूली बंद करने की मांग की।

इस दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री नीलेश चौहान ने कॉलेज प्रबंधन को स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्यार्थियों पर प्रैक्टिकल के नाम पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालना और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नीलेश चौहान ने इस संबंध में पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय द्वारा जारी आदेश क्रमांक 52/D.U.H.S./गोप./2026, दिनांक 28 अप्रैल 2026 का हवाला देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित परीक्षाओं में प्रायोगिक परीक्षा के लिए छात्र-छात्राओं से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को भी इस निर्देश का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब विश्वविद्यालय का आदेश स्पष्ट है, तो फिर विद्यार्थियों से प्रैक्टिकल के नाम पर अतिरिक्त राशि क्यों ली जा रही है?

जनता कांग्रेस की टीम ने कॉलेज प्रबंधन को सोमवार तक का समय देते हुए कहा कि यदि अतिरिक्त शुल्क की वसूली तत्काल बंद नहीं की गई, तो आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति से औपचारिक शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, विद्यार्थियों से वसूली गई अतिरिक्त राशि वापस कराने और दोषी प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

निलेश चौहान ने कहा कि शिक्षा के मंदिरों में विद्यार्थियों का आर्थिक शोषण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। विश्वविद्यालय के आदेशों का पालन कराना और विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) छात्रों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर विश्वविद्यालय तक उनकी लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी।

इस दौरान युवा जनता कांग्रेस के प्रदेश संयोजक नवीन अग्रवाल, अजीब असरफ, सत्यम डोंगरे, नवेद कुरैशी, अभय प्रताप, अंसांश पॉल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दैनिक दबंग स्वर का छठवां स्थापना दिवस कल, 100 विभूतियों को मिलेगा छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड

रायपुर- सकारात्मक पत्रकारिता और समाज की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रकाशित हो रहे दैनिक दबंग स्वर का छठवां स्थापना दिवस 25 अक्टूबर को रायपुर के वृन्दावन सभागृह में मनाया जाएगा। इस अवसर पर वक्ता मंच द्वारा छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर की 100 विभूतियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

दैनिक दबंग स्वर के प्रधान संपादक पंडित पीके तिवारी के संपादकत्व में रायपुर, दुर्ग, जगदलपुर और कोरिया से प्रकाशित हो रहे इस समाचार पत्र की वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में सम्मानित होने वाली विभूतियां अपनी प्रस्तुतियां भी देंगी।

वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने बताया कि अवार्ड के लिए प्रदेशभर से 500 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। संस्था द्वारा गठित निर्णायक मंडल की अनुशंसा पर इनमें से 100 प्रतिभाओं का चयन किया गया है। सम्मानित होने वाली विभूतियां रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, छत्तीसगढ़ी भाषा के उत्थान, खेल, योग, कला, प्रशासन, साहित्य, संस्कृति, लोककला, अध्ययन, अभिनय, एंकरिंग, समाज सेवा, चिकित्सा, अनुसंधान और पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं।

वक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू ने बताया कि समारोह की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। आयोजन को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह है। टीम वक्ता मंच ने सभी प्रतिभागियों से निर्धारित समय दोपहर 3 बजे तक आयोजन स्थल पर पहुंचने का अनुरोध किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड पूरी तरह निःशुल्क है। पंजीयन अथवा किसी भी अन्य मद में कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है।

दैनिक दबंग स्वर के प्रधान संपादक पंडित पीके तिवारी ने कहा कि समाचार पत्र के माध्यम से प्रदेश की सामाजिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को लगातार प्रमुखता से स्थान दिया जाता रहा है। अब सम्मान समारोह के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

धर्म स्वतंत्रता अधिनियम-2026 पर 27 अक्टूबर को रायपुर में होगा जनसंवाद, मसीही समाज के अधिकारों और सरकारी योजनाओं पर होगी चर्चा

रायपुर- मसीही समाज को संवैधानिक अधिकारों, धार्मिक स्वतंत्रता, सरकारी योजनाओं, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक कल्याण से जुड़ी जानकारियों से अवगत कराने के उद्देश्य से 27 अक्टूबर को रायपुर में जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जागरण जनसेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में यह कार्यक्रम मंगलवार को सुबह 11 बजे सेंट पॉल्स कैथेड्रल, रायपुर में होगा।

आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 800 से 1,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसमें पास्टर, प्रचारक, पादरी, चर्च पदाधिकारी, कलीसियाई कार्यकर्ता, महिला मंडल, युवा और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

धार्मिक स्वतंत्रता कानून और अधिकारों पर होगा संवाद

कार्यक्रम में प्रस्तावित धर्म स्वतंत्रता अधिनियम-2026 से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान संबंधित कानूनी प्रावधानों, नागरिक अधिकारों, दायित्वों और कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों को शिक्षा, छात्रवृत्ति, रोजगार, कौशल विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया जाएगा, ताकि पात्र हितग्राही उपलब्ध अवसरों का लाभ उठा सकें।

कलीसिया की पारदर्शिता और सामाजिक जिम्मेदारी पर भी चर्चा

जनसंवाद में पास्टरों, प्रचारकों, पादरियों और चर्च प्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों के साथ कलीसिया के प्रशासन, आर्थिक अभिलेखों के रखरखाव, दान एवं आय-व्यय में पारदर्शिता, संपत्ति की सुरक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे मुद्दे भी शामिल रहेंगे। धार्मिक सेवकों और उनके परिवारों की जरूरतों, प्रशिक्षण तथा उपलब्ध सहयोग के अवसरों पर भी जानकारी साझा की जाएगी।

बाइबल की शिक्षाओं और परिवार-युवाओं के भविष्य पर जोर

कार्यक्रम में बाइबल की शिक्षाओं के आधार पर परिवार की एकता, बच्चों की शिक्षा, युवा नेतृत्व, अच्छे चरित्र, आपसी सहयोग, जरूरतमंदों की सेवा और कठिन समय में विश्वास जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। आयोजकों का उद्देश्य समाज में एकता, सेवा भावना और सकारात्मक सामाजिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

विशेषज्ञों से सवाल पूछने का मिलेगा अवसर

कार्यक्रम में कानूनी मार्गदर्शन और खुले प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी समस्याएं रखने तथा संबंधित विषयों पर विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त करने का अवसर देने का प्रयास किया जाएगा। धार्मिक स्वतंत्रता, नागरिक अधिकारों, संस्थागत मामलों और सामाजिक समस्याओं से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर भी चर्चा होगी।

जागरण जनसेवा फाउंडेशन ने प्रदेश के सभी मसीही भाई-बहनों, पास्टरों, प्रचारकों, चर्च प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

डिमांड डे पर पत्रकारों ने उठाईं छह प्रमुख मांगें, राज्यपाल को सौंपा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन

रायपुर- स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन छत्तीसगढ़, इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन (IJU) से संबद्ध, ने 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर ‘डिमांड डे’ मनाया। पत्रकारों ने लाल बहादुर शास्त्री और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष राष्ट्रपति के नाम दिए जाने वाले ज्ञापन का पाठ किया गया। बाद में पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल लोक भवन पहुंचा और राज्यपाल रमेन डेका को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में पत्रकारों की निम्न प्रमुख मांगें रखी गईं—

पत्रकारों की प्रमुख मांगें :

नए मीडिया आयोग का गठन:
बदलते मीडिया परिदृश्य को देखते हुए व्यापक समीक्षा और नीतिगत सुझावों के लिए मीडिया आयोग का गठन किया जाए।

केंद्रीय पत्रकार सुरक्षा कानून:
पत्रकारों और मीडिया कर्मियों की सुरक्षा के लिए विशेष केंद्रीय कानून बनाया जाए। छत्तीसगढ़ के पत्रकार सुरक्षा कानून में आवश्यक संशोधन के लिए पत्रकारों की समिति गठित की जाए।

नौकरी की सुरक्षा के लिए वैधानिक संरक्षण:
कार्यरत पत्रकारों को नौकरी की सुरक्षा, निर्धारित कार्य घंटे, सेवा शर्तों और विवाद समाधान के लिए प्रभावी कानूनी संरक्षण दिया जाए।

नए वेतन बोर्ड का गठन:
प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्यरत पत्रकारों एवं गैर-पत्रकार कर्मचारियों के लिए नया वेतन बोर्ड गठित किया जाए।

रेल किराए में रियायत बहाल हो:
कोरोना काल में वर्ष 2020 से बंद पत्रकारों को रेल टिकट/आरक्षण में मिलने वाली रियायत को तत्काल फिर से शुरू किया जाए।

स्वास्थ्य बीमा योजना:
केंद्रीय कर्मचारियों की तर्ज पर पत्रकारों और मीडिया कर्मियों के लिए व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की जाए।

छत्तीसगढ़ स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष पीसी रथ ने कहा, ने कहा कि स्वतंत्र, सुरक्षित और आर्थिक रूप से सशक्त प्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है। ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से इन लंबे समय से लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपील की गई।

इस दौरान IJU के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिलीप साहू, CSWJU के महासचिव सुधीर आजाद तम्बोली, CSWJU जिलाध्यक्ष राहुल सिन्हा, लविंदर पाल, सैय्यद सलमा, अमित बाघ, जितेंद्र साहू, जयदास मानिकपुरी, दीपेश सोनकर, सीएस नाग, शमीम, अरुण जंघेल, नीलचरण पटेल, मिथलेश कुमार, मौसम साहू, संस्कार तंबोली, थारून निषाद, नंदकुमार मूलचंदानी, जी. नरेश राव समेत अन्य पत्रकार साथी शामिल रहें।

बोलती तस्वीर: गड्ढों में तब्दील हुई डिगमा रोड

अंबिकापुर- अम्बिकापुर-बनारस रोड को जोड़ने वाली डिगमा रोड इन दिनों बदहाल स्थिति में है। सड़क पर इतने गड्ढे हो गए हैं कि यह कहना मुश्किल है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। जर्जर सड़क के चलते स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर बीते दिनों स्थानीय लोगों ने विरोध-प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद गड्ढों को पाटने का काम किया गया, लेकिन कुछ ही समय बाद सड़क पर गड्ढे फिर नजर आने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है।

खराब सड़क के कारण दोपहिया वाहन चालकों के साथ अन्य राहगीरों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खास बात यह है कि डिगमा रोड श्री साई बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय के लिए प्रमुख पहुंच मार्ग है। ऐसे में विद्यार्थियों और कॉलेज आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की जल्द और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग की है।

खिलाड़ियों ने मनाया मेजर ध्यानचंद की जयंती, महाविद्यालय में आयोजित हुई वॉलीबाल प्रतियोगिता

अम्बिकापुर- श्री साई बाबा आदर्श महाविद्यालय में मेजर ध्यानचंद की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव और क्रीड़ाधिकारी तिलकराज टोप्पो ने मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्राचार्य ने मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन और उपलब्धियों से अवगत कराया। इस अवसर पर महाविद्यालय के खिलाड़ियों के बीच बॉलीबाल प्रतियोगिता आयोजित हुई। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर एनईपी प्रभारी डॉ. आरएन शर्मा, आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. शैलेष देवांगन, लाइफ साईंस विभाग के अध्यक्ष डॉ. अरविन्द तिवारी, वाणिज्य एवं प्रबंध विभाग के प्रभारी अध्यक्ष डॉ. जसप्रीत कौर, कम्प्युटर एंड आईटी विभाग के अध्यक्ष डॉ. विवेक कुमार गुप्ता, शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. शाक्य तथा सभी प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हिना के खुशबू से सजी मेहंदी प्रतियोगिता, राखी बनाओ प्रतियोगिता में दिखा भाई-बहन का प्यार

अम्बिकापुर- सावन की हरियाली में विद्यार्थियों के हाथों में हिना की खुशबू इतराई तो छात्र-छात्राओं ने राखी बना कर भाई-बहन के प्यार का इजहार किया। यह दृश्य श्री साई बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित मेहंदी सजाओ तथा राखी बनाओ प्रतियोगिता के दौरान का था.

क्रिएटिव क्लब के तत्वावधान में सभागार में आयोजित प्रतियोगिता में छात्र तथा छात्राओं ने मेहंदी के कोन से बारीक कलाकृति हाथों पर उभार कर जीवन का रंग दिखाये। जीवन के विभिन्न अवसरों पर आने वाले पल हाथों पर इबारतें करते नजर आये।

इसी तरह राखी बनाओ प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने मोती, सितारों के साथ अनाज को रेशमी धागों से पिरोया। मौसम के विविन्न फूल कलाइयों पर इतराते नजर आये।

क्रिएटिव क्लब प्रभारी डॉ. वंदना पांडेय ने प्रतियोगिता के निर्णायकों में श्री साई शिरडी शिक्षण समिति की ओर से अलका इंगोले, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य रंजना श्रीवास्तव, डॉ. अलका पांडेय, विनीता प्रजापति रहीं।

राखी प्रतियोगता बालक वर्ग में प्रथम पीयुष तायल, द्वितीय अमृत पार्थ तथा तीसरे स्थान पर उमेश कुमार एक्का, विशाल कुमार मौर्या रहे। बालिका वर्ग में प्रथम प्रवलीन कौर, मीनल सिंह, द्वितीय तृप्ति साहू, इशा निबादकर, अन्वेशा तथा तीसरे स्था परी गुप्ता, यशोदा राजवाड़े, रिया किसपोट्टा , शगुन कश्यप, ज्योत्ना कुुजूर तथा रागिनी तिवारी रही।

प्रतियोगिता में २०० से अधिक प्रतियोगियों ने भाग लिया. मेहंदी सजाओ प्रतियोगिता बालक वर्ग में प्रथम अंकित तिर्की, द्वितीय धनन्जय कुमार, सेम्स एक्का, असजाद रजा अंसारी तथा तीसरे स्थान पर जय किशन सिंह, अमृत पार्थ, विशाल मौर्य रहे। बालिका वर्ग में प्रथम स्वाति दास मानिकपुरी, प्रणीता साहू, द्वितीय स्थान पर आइशा परवीन, अंशिका अग्रवाले, संजना, स्नेहा साहनी तथा तृतीय स्थान पर तृप्ति साहू, प्रियांशी अग्रवाल, रिया किसपोट्टा, रितु चक्रधारी, मीनल सिंह, चांद रोजन कास्ते रही। प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतियोगियों को प्रेरित किया। प्रतियोगिता के दौरान विभा तिवारी, निशा सिंह, निधि शुक्ला, स्वाति शर्मा, साक्षी गोयल ने सहयोग किया।

सामाजिक कार्यकर्ता बनने के लिए संवेदनशीलता और बेहतर व्यक्तित्व जरूरी: मंगल पांडेय

अम्बिकापुर- सामाजिक कार्यकर्ता के लिए सुनने के साथ स्वभाव से सम्पन्न व्यक्तित्व सम्पन्न बनना पड़ेगा। कला के विद्यार्थी समाज के ज्यादा करीब होते हैं। यह बातें श्री साई बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को विषय विशेषज्ञ चिराग वेलफेयर सोसायटी के मंगल पांडेय ने कॅरिअर काउंसिलिंग, कार्यशाला के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता को अपने कॅरिअर के प्रति सावधान तथा नशा से दूर रहना होगा। नशा से दूर रहने वाले कार्यकर्ता की छवि समाज में बेहतर होती है। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में कॅरिअर चयन के कई विकल्प से युवाओं को अवगत कराया।

इससे पहले अतिथियों का स्वागत करते हुए कला एवं मानविकी संकाय के अध्यक्ष डॉ. आर.एन शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में विद्यार्थियों को कॅरिअर के नये आयाम मिलेंगे। कला एवं समाज कार्य में विद्यार्थी को अपनी उपयोगिता साबित करना होगा। डॉ. शर्मा ने कहा कि शिक्षा और संस्कार साथ-साथ हैं जो व्यक्तित्व में दिखना चाहिए।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए समाज कल्याण विभाग की जिला परिवीक्षा अधिकारी प्रभावती दास ने शासन की योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाले लाभ के बारे में बताया।

प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया।कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक देवेंद्र दास सोनवानी ने किया तथा रीता सरकार ने आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

प्राचार्य ने विद्यार्थियों को दिलायी नशा से मुक्ति की शपथ, श्री साई बाबा स्कूल में नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान आयोजित

अंबिकापुर- श्री साई बाबा स्कूल में गुरूवार को ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में 'नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत शिक्षकों के साथ विद्यार्थियों को नशा से मुक्ति की शपथ प्राचार्य प्राची गोयल ने दिलायी। इस अभियान का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

बीके पार्वती ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालता है तथा इससे दूर रहना प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है।

प्राचार्य प्राची गोयल ने ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के महाअभियान की सराहना की।कार्यक्रम के दौरान बीके रेखा ने विद्यार्थियों को सम्बोधित किया। कार्यक्रम को संचालन शिक्षक सुखलाल राम ने किया। इस अवसर पर सभी शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।