आईजीआरएस रैंकिंग में औरैया पुलिस प्रदेश में प्रथम
लखनऊ,औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के तहत जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण में अक्टूबर 2026 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में औरैया पुलिस ने प्रथम स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के मूल्यांकन में प्रदेश के सभी 75 जिलों में औरैया को पहला स्थान मिला है।

जनपद के बिधूना, अछल्दा, सहायल, ऐरवाकटरा, सहार, बेला, अयाना, फफूंद और महिला थाना समेत नौ थानों को भी शत-प्रतिशत कार्रवाई के आधार पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। पुलिस की ओर से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ऑनलाइन शिकायतों, समाधान दिवस और उच्चाधिकारियों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया गया।

इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने आईजीआरएस सेल से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया और भविष्य में भी इसी तरह जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जीएसटी फ्रॉड में फंसने से परेशान युवक ने दी जान, सुसाइड नोट में अलीगढ़ पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप
जीएसटी फ्रॉड में फंसने से परेशान युवक ने दी जान

सुसाइड नोट में 9 करोड़ के लेन देन का जिक्र

लखनऊ,औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के जैनपुर निवासी 22 वर्षीय युवक गजेंद्र सिंह पुत्र शिवप्रसाद सिंह ने सोमवार देर शाम शेखूपुर हार में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया कि आत्महत्या से पहले गजेंद्र ने अपने बड़े भाई दीपेंद्र और छोटे भाई अनुज को घटनास्थल की लोकेशन भेजी थी। लोकेशन मिलते ही परिजन कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक को बचाने की कोशिश करते हुए शव को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सुसाइड नोट में 9 करोड़ के लेनदेन का जिक्र

मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में करीब नौ करोड़ रुपये के लेनदेन और दो करोड़ रुपये के टैक्स का उल्लेख किया गया है। नोट के मुताबिक, अलीगढ़ में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फर्जी फर्म का पंजीकरण कराया था। इस फर्म के माध्यम से करीब नौ करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया, जिस पर लगभग दो करोड़ रुपये का टैक्स बनता था। गजेंद्र ने लिखा कि उसे इस फर्म और उससे हुए लेनदेन की कोई जानकारी नहीं थी।

अलीगढ़ पुलिस पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप

सुसाइड नोट के अनुसार, 22 अक्टूबर को अलीगढ़ पुलिस ने इस मामले में उससे संपर्क किया था। युवक का आरोप है कि उसने पुलिस को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिए थे, इसके बावजूद उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। इसी से आहत होकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

हल्का इंचार्ज रंजन यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जानी है।
बागपत पुलिस शिकायत निस्तारण में यूपी में नम्बर वन
लखनऊ, बागपत।जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में बागपत पुलिस ने अक्टूबर माह में प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। शासन की ओर से जारी अक्टूबर-2026 की आईजीआरएस (IGRS) मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट में बागपत को 125 में से 125 अंक मिले हैं। इस तरह जनपद ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम रैंक हासिल की।

बागपत पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार थाना स्तर पर जारी मूल्यांकन रिपोर्ट में भी बागपत के आठ थानों ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। जनपद के कुल 11 थानों में से आठ थानों का प्रदर्शन 100 प्रतिशत रहा, जबकि शेष तीन थानों को भी 98 से 99 प्रतिशत के बीच अंक मिले हैं।

एसपी बागपत पूर्णेन्दु सिंह के अनुसार यह उपलब्धि जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की निगरानी और उनके समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक बागपत ने आईजीआरएस से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस प्रदर्शन को आगे भी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनशिकायतों के निस्तारण में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता बरतने के साथ शिकायतकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण समाधान उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
दीपावली पर संगम नगरी में सजे देशभर के कारीगरों के सजावटी फूल-पौधों के बाजार

राजस्थान, तमिलनाडु, बंगलूर और लखनऊ से परिवारों ने लगाईं दुकानें, 200 से पांच हजार रुपये तक उपलब्ध हैं आकर्षक सजावटी उत्पाद

प्रयागराज।दीपावली के पर्व पर संगम नगरी के बाजारों में देश के विभिन्न हिस्सों से आए छोटे कारोबारियों ने रौनक बढ़ा दी है। राजस्थान, तमिलनाडु, बंगलूर और लखनऊ से आए परिवारों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में सड़क किनारे सजावटी सामान की दुकानें लगाई हैं। रंग-बिरंगे और सुनहरे प्लास्टिक के फूल, पौधे, झालर और झूमर लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। दीपावली के अवसर पर कुछ दिनों में अच्छी कमाई की उम्मीद लेकर ये परिवार करीब एक सप्ताह पहले ही प्रयागराज पहुंच गए हैं।

इन दुकानों पर दीपावली के साथ घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए तरह-तरह के कृत्रिम फूल और पौधे उपलब्ध हैं। आकर्षक डिजाइन और सुनहरी चमक वाले सजावटी उत्पाद लोगों की पसंद बन रहे हैं। राजस्थान से करीब 50 लोग और दक्षिण भारत से 20 से अधिक परिवार शहर में आए हैं। इसके अलावा लखनऊ और बंगलूर से भी कारोबारी अपनी दुकानें लगाकर बिक्री कर रहे हैं।

तमिलनाडु से आईं महिमा ने बताया कि उनके क्षेत्र से करीब 50 परिवार प्रयागराज आए हैं। शहर के अलग-अलग मार्गों पर इन परिवारों ने अपनी दुकानें लगाई हैं। दीपावली के पर्व पर कारोबार करने के बाद सभी परिवार अपने गांव लौट जाएंगे। उन्होंने बताया कि सजावटी फूलों और झालरों की कीमत 200 रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक है।

राजस्थान से आईं बबिता ने बताया कि उनके क्षेत्र के करीब 50 लोग सिविल लाइंस इलाके में दुकानें लगाकर सजावटी सामान बेच रहे हैं। वहीं, लखनऊ निवासी मनोज ने बताया कि उनके पास प्लास्टिक से बने सुनहरे रंग के विभिन्न प्रकार के फूल और पौधे उपलब्ध हैं। इनकी कीमत 200 रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक है।

दीपावली का पर्व इन छोटे कारोबारियों के लिए रोजगार और अतिरिक्त आमदनी का अवसर लेकर आया है। वहीं, इनके आकर्षक उत्पादों से शहर के बाजारों में भी उत्सव का रंग और निखर रहा है।
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय जनसुनवाई में 111 शिकायतें सुनी
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई करते हुए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनसुनवाई के दौरान कुल 111 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण मेंv किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।
बच्चों को दी गई यातायात संबंधी जानकारी
फर्रुखाबाद।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर में यातायात माह-2026 के अंतर्गत सनबीम पब्लिक स्कूल, फतेहगढ़ में यातायात पुलिस टीम द्वारा स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा, रेड लाइट का पालन, मोबाइल फोन के प्रयोग से बचाव एवं नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही यातायात पुलिस के विभिन्न उपकरणों की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया ।
हम न भूले हैं,न भूलेंगे।1984 के वो ज़ख्म आज भी हमारे दिलों में ताज़ा- तिवारी
सिख नरसंहार के पीडितो की स्मृति में दिल्ली में "राष्ट्रीय स्मारक" स्थापित किया जाए।

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह


भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज अरैल मे चौपाल लगाकर 1984 मे देश में सिख नरसंहार में मारे गए हजारों सिख परिवारों के शहीदों को शत शत नमन किया गया।
भाजपा नेता पूर्व मंडल अध्यक्ष  हरे कृष्ण तिवारी बबलू ने कहा कि 1984 में सिख समाज के साथ जो अमानवीय अत्याचार और नरसंहार हुआ,वह भारतीय इतिहास का एक बेहद दर्दनाक और काला अध्याय है। कांग्रेस शासनकाल में हुई इस त्रासदी ने हजारों निर्दोष सिख परिवारों को उजाड़ दिया।आज भी सिख समाज उस दर्द, उस अन्याय और उस अपूरणीय क्षति को नहीं भूला है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतने वर्षों बाद भी कांग्रेस ने इस त्रासदी के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ जवाबदेही स्वीकार नहीं की है।इतिहास को भुलाया नहीं जा सकता और न ही निर्दोषों के बलिदान को। कांग्रेस को सिख समाज से माफी मांगनी चाहिए और दोषियों के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।
संजय श्रीवास्तव पूर्व कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि
हम न भूले हैं,न भूलेंगे।1984 के वो ज़ख्म आज भी हमारे दिलों में ताज़ा हैं। जिन सिख परिवारों ने अपनों को खोया, जिन घरों ने अपने चिराग खोए, उनका दर्द कभी भुलाया नहीं जा सकता।इस राजनीतिक क्रूर मानसिकता का हम सब घोर निंदा करते हैं ‘लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ’हमारे हजारो बेगुनाह सिख परिवारों को श्रद्धांजलि!
पंडित दामोदर तिवारी ने कहा कि हम प्रधानमंत्री से अपील करते हैं कि वर्ष 1984 में देश के विभिन्न भागों में हुए सिख नरसंहार के पीडितो की स्मृति में दिल्ली में राष्ट्रीय स्मारक स्थापित किया जाए।
श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि देने मे प्रमुख रूप से हरे कृष्ण तिवारी बबलू,महेश वर्मा,श्री रवि सिंह, दामोदर प्रसाद तिवारी,राम जी श्रीवास्तव,डॉक्टर जी.के,संजय श्रीवास्तव,किशन कुशवाहा,गुलाब कुशवाहा,बबलू तिवारी,कृष्ण कुमार शुक्ला,ध्रुव तिवारी,सरदार पतविन्दर सिंह, गुड्डू वर्मा सहित कई सामाजिक स्वयंसेवक उपस्थित हुए।
आईटीआई प्रवेश प्रक्रिया के पंचम चरण में 15 नवम्बर तक रिक्त सीटों पर प्रवेश का अवसर

Sb न्यूज ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हरदोई आर०के० श्रीवास्तव ने बताया है कि प्रवेश प्रक्रिया 2026 के अन्तर्गत पंचम चरण में जनपद में संचालित समस्त राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित किया जाना है।
उन्होंने बताया कि ऐसे समस्त गैर चयनित अभ्यर्थी, जिनका पंचम चरण तक किसी भी राजकीय अथवा निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के किसी भी एस०सी०वी०टी० व्यवसाय में प्रवेश नहीं हो सका है, वे (प्रवेश प्रक्रिया में पूर्व में पंजीकृत एवं नवीन ऑनलाइन आवेदनकर्ता) वॉक-इन (Walk-In) सिद्धांत के अनुसार दिनांक 15.11.2026 को सायं 05:00 बजे तक राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में उपस्थित होकर रिक्त सीटों के सापेक्ष प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दिनांक 15.11.2026 को सायं 05:00 बजे के उपरान्त किसी भी प्रकार का दावा अथवा प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
डॉ. शालिनी मिश्रा को मिली पीएचडी की डिग्री_
Sb न्यू ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई ग्रामोदय पी.जी. कॉलेज डिघिया खेरिया की डायरेक्टर डॉ. शालिनी मिश्रा को श्री खुशाल दास यूनिवर्सिटी, हनुमानगढ़ के भव्य द्वितीय दीक्षांत समारोह में पीएचडी की डिग्री प्रदान की गई। डॉ. शालिनी मिश्रा भाजपा नेता एडवोकेट डॉ. आदर्श दीपक मिश्रा की धर्मपत्नी हैं। उन्होंने हिन्दी विषय में _"भीष्म साहनी के उपन्यासों में नारी चेतना का अध्ययन"_ विषय पर शोध कार्य पूर्ण किया है।
दीक्षांत समारोह में राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर के न्यायमूर्ति मनोज कुमार गर्ग, हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के उपाध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. डॉ. कुलदीप अग्निहोत्री, कुलाधिपति वरुण यादव, कृषि विश्वविद्यालय कोटा की कुलपति डॉ. विमला डूकवाल, मैनेजिंग डायरेक्टर दिनेश जुनेजा, अर्जुन अवार्डी इंटरनेशनल खिलाड़ी संदीप नरवाल एवं अखिल भारतीय सांगरिया धूणी सीकर के पीठाधीश्वर स्वामी ओमदास जी महाराज ने डिग्री प्रदान की।
डॉ. शालिनी शिक्षा के साथ-साथ सहकारिता के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं और वर्तमान में साधन सहकारी समिति की अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभा रही हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी, आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, विधायक सण्डीला अलका अर्कवंशी, सवर्ण चेतना सभा के राष्ट्रीय संयोजक अलका अग्निहोत्री, भाजपा की क्षेत्रीय मंत्री पूजा मिश्रा, भाजपा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश कोषाध्यक्ष सुहाना जैन, शिक्षाविद् सुशील कुमार मिश्र, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनुराधा मिश्रा, सवर्ण चेतना महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष एवं महिला आयोग सदस्य गीता पांडे, सवर्ण चेतना महिला सभा की जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रतिमा मिश्रा, एडवोकेट समता शर्मा, जिला सचिव भाजपा नीतू चन्द्रा, नगर मंत्री भाजपा प्रियंका सिंह, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय कश्यप, अविनाश पांडेय, राजीव कश्यप, विजय पांडेय, राम जी, आरिफ खान शानू, राजीव सिंह सिंपल, मुकुल सिंह आशा, अखिल सिंह चंदेल, आशुतोष बाजपेयी, कृष्णा कांत मिश्र, धीरज सिंह चौहान सहित कई गणमान्य लोगों ने शुभकामनाएं दी हैं।
विकसित भारत युवा उत्सव में दिखा युवाओं का जोश, 15 विद्यालयों के 500 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग, हरदोई के तत्वावधान मे सोमवार को रसखान प्रेक्षागृह, हरदोई में विकसित भारत युवा उत्सव 2026–27 का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2026–27 के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनपद के 15 विद्यालयों एवं संस्थानों से लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी कला, प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम मे लोकगीत (समूह), लोकनृत्य (समूह), नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन एवं चित्रकला की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। लोकगीतों की मधुर धुनों, लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिए गए सामाजिक संदेशों ने आयोजन को यादगार बना दिया।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने अपने संबोधन मे कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने तथा उनकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, संस्कृति, कौशल विकास एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी प्रबोध कुमार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्र-छात्राओं में मंच पर आने की झिझक एवं संकोच दूर होता है तथा उनके आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने बताया कि युवा उत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना तथा उन्हें अपनी कला एवं क्षमता प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
पाँचों प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता
कार्यक्रम मे आयोजित लोकगीत (समूह) प्रतियोगिता में गोपीनाथ संगीत विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य (समूह) प्रतियोगिता मे गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, हरदोई प्रथम स्थान पर रहा। वहीं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता मे सेंट जेवियर्स विद्यालय, पिहानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसी क्रम मे कविता लेखन प्रतियोगिता मे हर्षवर्धन मिश्रा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि चित्रकला (पेंटिंग) प्रतियोगिता मे कोमल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों की उपलब्धियों की सराहना की गई।
5 नवंबर को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे विजेता
जनपद स्तरीय युवा उत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता प्रतिभागी एवं दल आगामी 5 नवंबर 2026 को आयोजित मंडल स्तरीय युवा उत्सव में जनपद हरदोई का प्रतिनिधित्व करेंगे। मंडल स्तर पर भी ये प्रतिभागी अपनी कला, सांस्कृतिक प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
निर्णायक मंडल ने किया प्रतिभागियों का मूल्यांकन
कार्यक्रम मे विभिन्न प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन हेतु गठित निर्णायक मंडल मे राजकुमार सिंह, रितेश चौधरी, रणविजय सिंह, अभिराम सिंह, उदयराज सिंह एवं ई. मोहम्मद उस्मान सिद्दीकी शामिल रहे। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का निर्धारित मूल्यांकन मानदंडों के अनुसार मूल्यांकन किया गया।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण सहभागिता
कार्यक्रम के आयोजन एवं व्यवस्थाओं मे क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी अम्बुज शुक्ला,  नितिन कुमार, रमाकांत, शिवांगी सिंह एवं राजगोपाल मौर्य की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।
कार्यक्रम की प्रभारी श्रेया गुप्ता रहीं। उनके समन्वय एवं सहयोग से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रम संबंधी व्यवस्थाओं का संचालन किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ, निर्णायक मंडल के सदस्य तथा विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने, आत्मविश्वास विकसित करने, अपनी प्रतिभा को पहचानने तथा विकसित भारत के निर्माण मे सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया