मीरजापुर : डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत
- राजापुर गांव के पास हाईवे पर हुआ हादसा, छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था सुनील

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में लालगंज थाना क्षेत्र के राजापुर गांव के पास वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। वह कोतवाली देहात क्षेत्र के करनपुर-दहवा गांव निवासी भुईधर का पुत्र था।

सुनील सोमवार देर रात बाइक से लहंगपुर से घर लौट रहा था। राजापुर गांव के पास लहंगपुर पुलिस चौकी के निकट उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे राहगीरों ने सड़क पर युवक का शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी।

चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाइक और युवक के पास मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुनील छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। चौकी प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार में बाइक अनियंत्रित होना लग रहा है। पुलिस इस आशंका की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर या कट तो नहीं मारा था।
वाराणसी : नौ नवम्बर के श्रृंगार भोग आरती से 10 नवम्बर की सप्तऋषि आरती तक काशी विश्वनाथ मंदिर के टिकट स्थगित
लखनऊ, वाराणसी। वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास से जुड़े एसडीएम शंभू शरण ने मंगलवार को बताया कि श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में परंपरा के अनुसार अन्नकूट महोत्सव की तैयारी के लिए आगामी नौ नवम्बर की अपराह्न श्रृंगार भोग आरती के बाद से 10 नवम्बर की सायं कालीन सप्तऋषि आरती तक के लिए सभी प्रकार के टिकट स्थगित रहेंगे। इसमें आरती के टिकट भी शामिल हैं।

एसडीएम ने मंगलवार काे बताया कि श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में बाकी के दिनों में पूर्व की भांति ही व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहेगी। दर्शन पूजन के लिए आने वाले दर्शनार्थियों को स्वच्छता और सुरक्षा की व्यवस्था भी सुंदर मिलेगी।

बता दें कि माता अन्नपूर्णा मंदिर में अन्नकूट महोत्सव मनाया जाएगा। महोत्सव में माता अन्नपूर्णा को 56 प्रकार का भोग लगाया जायेगा। पांच सौ कुंटल से ऊपर का प्रसाद बनाकर माता को अर्पित कर उसे वितरित किया जाएगा। अन्नकूट के दिन माता अन्नपूर्णा के दर्शन को पहुंचने वाली भीड़ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भी पहुंचती है। इस कारण से काशी विश्वनाथ मंदिर में टिकट से दर्शन पूजन की व्यवस्था एक दिन के लिए रोकी गई है।
वाराणसी में धान खरीद के लिए 39 क्रय केंद्र स्थापित, 28 फरवरी 2027 तक होगी खरीद
—सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2441 और ग्रेड-ए का 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित, 40 हजार मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य

लखनऊ, वाराणसी। उत्तर प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत वाराणसी जनपद में धान खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसानों से धान खरीद के लिए जिले में कुल 39 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर एक नवंबर से खरीद शुरू हो गई है, जो आगामी 28 फरवरी 2027 तक चलेगी। शासन की ओर से जिले के लिए 40 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी अविनाश कुमार झा ने मंगलवार काे बताया कि सभी 39 क्रय केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नमी मापक यंत्र, छन्ना, पावर डस्टर, बायोमेट्रिक डिवाइस और तिरपाल समेत आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के अनुसार सामान्य धान का मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।

उन्होंने बताया कि एग्रीस्टैक में फार्मर आईडी रखने वाले किसानों को धान बिक्री के लिए अलग से पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे किसानों से फार्मर आईडी के आधार पर सीधे खरीद की जाएगी। वहीं, अन्य इच्छुक किसान खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर आधार ओटीपी के माध्यम से स्वयं अथवा जनसेवा केंद्र (सीएससी) के जरिए पंजीकरण करा सकते हैं।

धान खरीद के लिए किसानों को आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, बैंक पासबुक और खतौनी से संबंधित विवरण उपलब्ध कराना होगा। बैंक खाता आधार से सीडेड और एनपीसीआई से मैप्ड होना अनिवार्य है। पंजीकरण के बाद भूमि और धान के रकबे का सत्यापन तहसीलदार अथवा उपजिलाधिकारी स्तर से किया जाएगा। सत्यापन पूरा होने के बाद ही किसान की खरीद सीमा निर्धारित होगी। पंजीकरण में नाम, बैंक खाता संख्या, आईएफएससी कोड अथवा खतौनी के विवरण में त्रुटि होने पर भुगतान में परेशानी हो सकती है। इसलिए किसानों से खरीद से पहले सभी अभिलेखों में त्रुटियां दुरुस्त कराने की अपील की गई है। बटाईदार किसान भी भूमि स्वामी की सहमति से पंजीकरण करा सकेंगे।

नमी के नाम पर नहीं होगी कटौती, 48 घंटे में भुगतान

जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक क्रय केंद्र पर एमएसपी, खरीद का समय, केंद्र प्रभारी का नाम, मोबाइल नंबर और टोल फ्री नंबर प्रदर्शित करने के लिए बैनर लगाए गए हैं। केंद्रों पर किसानों को धान सुखाने और साफ करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। धान में अधिकतम 17 प्रतिशत तक नमी स्वीकार्य होगी और नमी के नाम पर किसानों के धान के मूल्य में कोई कटौती नहीं की जाएगी। प्रत्येक लॉट की गुणवत्ता जांच के बाद ही तौल की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि धान की खरीद केवल ऑनलाइन प्रक्रिया और किसान के बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही होगी। खरीद के दिन ही बिल अग्रसारित कर दिया जाएगा तथा पीएफएमएस के माध्यम से 48 घंटे के भीतर किसान के आधार से लिंक बैंक खाते में भुगतान किया जाएगा। किसानों से किसी भी प्रकार का कटौती शुल्क, श्रम शुल्क अथवा तौल कटौती नहीं ली जाएगी। क्रय केंद्रों पर बिचौलियों और व्यापारियों से धान खरीद पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

अमानक बताकर धान लौटाने पर 48 घंटे में कर सकेंगे अपील

किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रत्येक क्रय केंद्र पर शिकायत पंजिका उपलब्ध कराई गई है। यदि किसी किसान का धान अमानक बताकर वापस किया जाता है तो वह 48 घंटे के भीतर क्षेत्रीय विपणन अधिकारी के समक्ष अपील कर सकता है। इसके बाद मंडी सचिव, केंद्र प्रभारी और दो स्वतंत्र किसानों की समिति धान की गुणवत्ता की दोबारा जांच करेगी।

सभी क्रय केंद्रों की जियो टैगिंग की गई है और इंस्पेक्शन एप के माध्यम से उनकी निगरानी की जाएगी। खरीद प्रक्रिया में लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने किसानों से समय रहते पंजीकरण और अभिलेखों का सत्यापन पूरा कराने की अपील की है, ताकि धान बिक्री के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो। किसी भी समस्या के लिए किसान कार्यालय जिला खाद्य विपणन अधिकारी, वाराणसी अथवा संबंधित क्रय केंद्र प्रभारी से संपर्क कर सकते हैं।-
आईजीआरएस रैंकिंग में औरैया पुलिस प्रदेश में प्रथम
लखनऊ,औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के तहत जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण में अक्टूबर 2026 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में औरैया पुलिस ने प्रथम स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के मूल्यांकन में प्रदेश के सभी 75 जिलों में औरैया को पहला स्थान मिला है।

जनपद के बिधूना, अछल्दा, सहायल, ऐरवाकटरा, सहार, बेला, अयाना, फफूंद और महिला थाना समेत नौ थानों को भी शत-प्रतिशत कार्रवाई के आधार पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। पुलिस की ओर से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ऑनलाइन शिकायतों, समाधान दिवस और उच्चाधिकारियों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया गया।

इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने आईजीआरएस सेल से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया और भविष्य में भी इसी तरह जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जीएसटी फ्रॉड में फंसने से परेशान युवक ने दी जान, सुसाइड नोट में अलीगढ़ पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप
जीएसटी फ्रॉड में फंसने से परेशान युवक ने दी जान

सुसाइड नोट में 9 करोड़ के लेन देन का जिक्र

लखनऊ,औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के जैनपुर निवासी 22 वर्षीय युवक गजेंद्र सिंह पुत्र शिवप्रसाद सिंह ने सोमवार देर शाम शेखूपुर हार में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया कि आत्महत्या से पहले गजेंद्र ने अपने बड़े भाई दीपेंद्र और छोटे भाई अनुज को घटनास्थल की लोकेशन भेजी थी। लोकेशन मिलते ही परिजन कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक को बचाने की कोशिश करते हुए शव को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सुसाइड नोट में 9 करोड़ के लेनदेन का जिक्र

मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में करीब नौ करोड़ रुपये के लेनदेन और दो करोड़ रुपये के टैक्स का उल्लेख किया गया है। नोट के मुताबिक, अलीगढ़ में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फर्जी फर्म का पंजीकरण कराया था। इस फर्म के माध्यम से करीब नौ करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया, जिस पर लगभग दो करोड़ रुपये का टैक्स बनता था। गजेंद्र ने लिखा कि उसे इस फर्म और उससे हुए लेनदेन की कोई जानकारी नहीं थी।

अलीगढ़ पुलिस पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप

सुसाइड नोट के अनुसार, 22 अक्टूबर को अलीगढ़ पुलिस ने इस मामले में उससे संपर्क किया था। युवक का आरोप है कि उसने पुलिस को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिए थे, इसके बावजूद उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। इसी से आहत होकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

हल्का इंचार्ज रंजन यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जानी है।
बागपत पुलिस शिकायत निस्तारण में यूपी में नम्बर वन
लखनऊ, बागपत।जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में बागपत पुलिस ने अक्टूबर माह में प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। शासन की ओर से जारी अक्टूबर-2026 की आईजीआरएस (IGRS) मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट में बागपत को 125 में से 125 अंक मिले हैं। इस तरह जनपद ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम रैंक हासिल की।

बागपत पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार थाना स्तर पर जारी मूल्यांकन रिपोर्ट में भी बागपत के आठ थानों ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। जनपद के कुल 11 थानों में से आठ थानों का प्रदर्शन 100 प्रतिशत रहा, जबकि शेष तीन थानों को भी 98 से 99 प्रतिशत के बीच अंक मिले हैं।

एसपी बागपत पूर्णेन्दु सिंह के अनुसार यह उपलब्धि जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की निगरानी और उनके समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक बागपत ने आईजीआरएस से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस प्रदर्शन को आगे भी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनशिकायतों के निस्तारण में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता बरतने के साथ शिकायतकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण समाधान उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
दीपावली पर संगम नगरी में सजे देशभर के कारीगरों के सजावटी फूल-पौधों के बाजार

राजस्थान, तमिलनाडु, बंगलूर और लखनऊ से परिवारों ने लगाईं दुकानें, 200 से पांच हजार रुपये तक उपलब्ध हैं आकर्षक सजावटी उत्पाद

प्रयागराज।दीपावली के पर्व पर संगम नगरी के बाजारों में देश के विभिन्न हिस्सों से आए छोटे कारोबारियों ने रौनक बढ़ा दी है। राजस्थान, तमिलनाडु, बंगलूर और लखनऊ से आए परिवारों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में सड़क किनारे सजावटी सामान की दुकानें लगाई हैं। रंग-बिरंगे और सुनहरे प्लास्टिक के फूल, पौधे, झालर और झूमर लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। दीपावली के अवसर पर कुछ दिनों में अच्छी कमाई की उम्मीद लेकर ये परिवार करीब एक सप्ताह पहले ही प्रयागराज पहुंच गए हैं।

इन दुकानों पर दीपावली के साथ घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए तरह-तरह के कृत्रिम फूल और पौधे उपलब्ध हैं। आकर्षक डिजाइन और सुनहरी चमक वाले सजावटी उत्पाद लोगों की पसंद बन रहे हैं। राजस्थान से करीब 50 लोग और दक्षिण भारत से 20 से अधिक परिवार शहर में आए हैं। इसके अलावा लखनऊ और बंगलूर से भी कारोबारी अपनी दुकानें लगाकर बिक्री कर रहे हैं।

तमिलनाडु से आईं महिमा ने बताया कि उनके क्षेत्र से करीब 50 परिवार प्रयागराज आए हैं। शहर के अलग-अलग मार्गों पर इन परिवारों ने अपनी दुकानें लगाई हैं। दीपावली के पर्व पर कारोबार करने के बाद सभी परिवार अपने गांव लौट जाएंगे। उन्होंने बताया कि सजावटी फूलों और झालरों की कीमत 200 रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक है।

राजस्थान से आईं बबिता ने बताया कि उनके क्षेत्र के करीब 50 लोग सिविल लाइंस इलाके में दुकानें लगाकर सजावटी सामान बेच रहे हैं। वहीं, लखनऊ निवासी मनोज ने बताया कि उनके पास प्लास्टिक से बने सुनहरे रंग के विभिन्न प्रकार के फूल और पौधे उपलब्ध हैं। इनकी कीमत 200 रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक है।

दीपावली का पर्व इन छोटे कारोबारियों के लिए रोजगार और अतिरिक्त आमदनी का अवसर लेकर आया है। वहीं, इनके आकर्षक उत्पादों से शहर के बाजारों में भी उत्सव का रंग और निखर रहा है।
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय जनसुनवाई में 111 शिकायतें सुनी
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई करते हुए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनसुनवाई के दौरान कुल 111 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण मेंv किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।
बच्चों को दी गई यातायात संबंधी जानकारी
फर्रुखाबाद।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर में यातायात माह-2026 के अंतर्गत सनबीम पब्लिक स्कूल, फतेहगढ़ में यातायात पुलिस टीम द्वारा स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा, रेड लाइट का पालन, मोबाइल फोन के प्रयोग से बचाव एवं नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही यातायात पुलिस के विभिन्न उपकरणों की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया ।
हम न भूले हैं,न भूलेंगे।1984 के वो ज़ख्म आज भी हमारे दिलों में ताज़ा- तिवारी
सिख नरसंहार के पीडितो की स्मृति में दिल्ली में "राष्ट्रीय स्मारक" स्थापित किया जाए।

प्रयागराज

Sb न्यूज से ब्यूरो चीफ विश्वनाथ प्रताप सिंह


भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज अरैल मे चौपाल लगाकर 1984 मे देश में सिख नरसंहार में मारे गए हजारों सिख परिवारों के शहीदों को शत शत नमन किया गया।
भाजपा नेता पूर्व मंडल अध्यक्ष  हरे कृष्ण तिवारी बबलू ने कहा कि 1984 में सिख समाज के साथ जो अमानवीय अत्याचार और नरसंहार हुआ,वह भारतीय इतिहास का एक बेहद दर्दनाक और काला अध्याय है। कांग्रेस शासनकाल में हुई इस त्रासदी ने हजारों निर्दोष सिख परिवारों को उजाड़ दिया।आज भी सिख समाज उस दर्द, उस अन्याय और उस अपूरणीय क्षति को नहीं भूला है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतने वर्षों बाद भी कांग्रेस ने इस त्रासदी के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ जवाबदेही स्वीकार नहीं की है।इतिहास को भुलाया नहीं जा सकता और न ही निर्दोषों के बलिदान को। कांग्रेस को सिख समाज से माफी मांगनी चाहिए और दोषियों के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।
संजय श्रीवास्तव पूर्व कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि
हम न भूले हैं,न भूलेंगे।1984 के वो ज़ख्म आज भी हमारे दिलों में ताज़ा हैं। जिन सिख परिवारों ने अपनों को खोया, जिन घरों ने अपने चिराग खोए, उनका दर्द कभी भुलाया नहीं जा सकता।इस राजनीतिक क्रूर मानसिकता का हम सब घोर निंदा करते हैं ‘लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ’हमारे हजारो बेगुनाह सिख परिवारों को श्रद्धांजलि!
पंडित दामोदर तिवारी ने कहा कि हम प्रधानमंत्री से अपील करते हैं कि वर्ष 1984 में देश के विभिन्न भागों में हुए सिख नरसंहार के पीडितो की स्मृति में दिल्ली में राष्ट्रीय स्मारक स्थापित किया जाए।
श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि देने मे प्रमुख रूप से हरे कृष्ण तिवारी बबलू,महेश वर्मा,श्री रवि सिंह, दामोदर प्रसाद तिवारी,राम जी श्रीवास्तव,डॉक्टर जी.के,संजय श्रीवास्तव,किशन कुशवाहा,गुलाब कुशवाहा,बबलू तिवारी,कृष्ण कुमार शुक्ला,ध्रुव तिवारी,सरदार पतविन्दर सिंह, गुड्डू वर्मा सहित कई सामाजिक स्वयंसेवक उपस्थित हुए।