जिलाधिकारी ने की गौवंश आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं एवं संरक्षण कार्यों की समीक्षा

*छुट्टा गौवंश को पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित करने हेतु 04 टीमें गठित कर अभियान चलाने के निर्देश*

*01 सप्ताह बाद सड़कों पर छुट्टा गौवंश विचरण करते पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की तय की जाएगी जिम्मेदारी*

*जनपद के 26 गौ आश्रय स्थलों में 8257 गौवंश संरक्षित, मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत 2528 लाभार्थियों को 5397 गौवंश किए गए सुपुर्द*

फर्रुखाबाद। जनपद में संचालित गौवंश आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं, गौवंश संरक्षण एवं उनके समुचित भरण-पोषण की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में निराश्रित एवं छुट्टा गौवंश के संरक्षण के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा सभी गौशालाओं में गौवंश के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं शासन की मंशा के अनुरूप उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में विचरण कर रहे छुट्टा पशुओं को पकड़ने के लिए चार टीमों का गठन कर विशेष अभियान चलाया जाए। गठित टीमें नियमित रूप से अभियान चलाकर छुट्टा पशुओं को पकड़ें तथा उन्हें निकटवर्ती गौवंश आश्रय स्थलों में सुरक्षित पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पकड़े गए पशुओं की ईयर टैगिंग के माध्यम से ट्रेसिंग कराई जाए, जिससे उनके पूर्व पशुपालकों की पहचान की जा सके। यदि कोई पशु पूर्व में किसी पशुपालक का है और उसे निराश्रित छोड़ दिया गया है, तो संबंधित पशुपालक के विरुद्ध पुलिस के माध्यम से सुसंगत धाराओं में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस अभियान के उपरांत एक सप्ताह बाद यदि सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर छुट्टा गौवंश के विचरण की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन को छुट्टा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं एवं अन्य समस्याओं से राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि पर अवैध रूप से चारा उगाए जाने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर उगाए गए चारे की कटाई कराई जाए तथा जिन व्यक्तियों द्वारा सरकारी भूमि पर चारा उगाया गया है, उनका चिन्हांकन कर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से विस्तृत आख्या उपलब्ध कराई जाए। सरकारी भूमि का उपयोग नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विकासखंड क्षेत्र में स्थापित गौवंश आश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण करें तथा वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं, गौवंश के स्वास्थ्य, चारे एवं पेयजल की उपलब्धता का जायजा लें। साथ ही गौशालाओं में उपलब्ध दुधारू गायों को कुपोषित परिवारों को उपलब्ध कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करें, जिससे जरूरतमंद परिवारों को पोषण संबंधी लाभ प्राप्त हो सके और गौवंश का भी बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

*शीत ऋतु से पूर्व गौशालाओं में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश*

आगामी शीत ऋतु के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने जनपद की समस्त गौशालाओं में गौवंश को ठंड से सुरक्षित रखने के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी गौशालाओं में टीनशेड, अलाव, आवश्यक दवाइयां, स्वच्छ पेयजल तथा अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। गौशालाओं में ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जाए, जिससे किसी भी गौवंश को प्रतिकूल मौसम के कारण परेशानी न हो।

उन्होंने गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही गौवंश के स्वास्थ्य परीक्षण, समय से उपचार, पर्याप्त हरे एवं सूखे चारे की उपलब्धता तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कराते हुए गौशालाओं का नियमित अनुश्रवण किया जाए।

बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ0 धीरज कुमार ने गौवंश संरक्षण की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में वर्तमान में कुल 26 गौवंश आश्रय स्थल संचालित हैं, जिनमें कुल 8257 गौवंश संरक्षित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के अंतर्गत जनपद में कुल 2528 लाभार्थियों को 5397 गौवंश सुपुर्द किए जा चुके हैं। योजना के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को गौवंश उपलब्ध कराकर उनके संरक्षण एवं भरण-पोषण को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि निराश्रित गौवंश का संरक्षण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। गौशालाओं में संरक्षित प्रत्येक गौवंश के लिए पर्याप्त चारा, पानी, चिकित्सा एवं सुरक्षित आवास की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौवंश संरक्षण से संबंधित सभी कार्यों को गंभीरता से लेते हुए नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें तथा शासन की मंशा के अनुरूप प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, उपनिदेशक कृषि अरविंद मोहन, जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ0 धीरज कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पाक्सो एक्ट के मामलें में वांछित एक नफर अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार, अपहृता सकुशल बरामद
पुलिस अधीक्षक मऊ  सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन अपराध/अपरधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक  अनूप कुमार के कुशल पर्यवेक्षण में व क्षेत्राधिकारी घोसी  सत्येन्द्र भूषण तिवारी के कुशल नेतृत्व में थाना दोहरीघाट पुलिस टीम द्वारा दिनांक 03.11.2026 को सिविल कोर्ट गेट नं0 2 जनपद गोरखपुर से मु0अ0सं0 222/2026 धारा 87/137(2), 64(1) बीएनएस  व 3/4 पाक्सो एक्ट से सम्बन्धित वांछित एक नफर अमियुक्त आशीष पासवान पुत्र मनोहर पासवान निवासी ग्राम परसिया देवारा थाना बरहज जनपद देवरिया उम्र 22 वर्ष को गिरफ्तार किया गया तथा अपहृता को सकुशल महिला आरक्षी द्वारा बरामद किया गया । गिरफ्तार अभियुक्त का चालान मा0 न्यायालय किया गया ।

पंजीकृत अभियोग का विवरण
1. मु0अ0सं0 303/2026 धारा 137(2), 87, बीएनएस  व 18 पाक्सो एक्ट ।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
1. सूरज राजभर पुत्र सरवन राजभर निवासी ग्राम नाशोपुर थाना सरायलखंसी जनपद मऊ उम्र 19 वर्ष ।
गिरफ्तारी का दिनांक 
दिनांक- 03.11.2026
स्थान - सिविल कोर्ट गेट नं0 2 जनपद गोरखपुर
जनपदीय स्काउट एवं गाइड रैली में 15 विद्यालयों की 17 टीम के 245 स्काउट-गाइड ने किया प्रतिभाग
फर्रुखाबाद । भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में जनपदीय स्काउट एवं गाइड रैली का आयोजन पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, फतेहगढ़ में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विकास अधिकारी एस.के. तिवारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक श्री संजीव कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ लॉर्ड बेडन-पावेल एवं लेडी बेडन-पावेल के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात स्काउट-गाइड प्रार्थना हुई तथा मुख्य अतिथि द्वारा ध्वज शिष्टाचार किया गया। रैली के प्रतिभागियों ने सामूहिक सलामी दी। स्काउट-गाइड झंडा गीत के पश्चात मां सरस्वती की वंदना के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा। मदन मोहन कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।एन ए केपी जीजीआईसी रामानन्द बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए

मुख्य अतिथियों का शब्दों के माध्यम से रैली की संयोजक एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत ने स्वागत किया। सह-संयोजक एवं एन.के.पी. इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या इंदू मिश्रा तथा संस्था के जिला मुख्य दिनेश कुमार वर्मा एवं जिला सचिव एवं राजकीय इंटर कॉलेज भटासा के प्रधानाचार्य महेश राजपूत ने भी अतिथियों का स्वागत किया।

इस जनपदीय रैली में जनपद के 15 विद्यालयों की 17 टीम के कुल 245 स्काउट एवं गाइड ने प्रतिभाग किया। प्रथम सत्र में उद्घाटन समारोह के पश्चात द्वितीय सत्र में स्काउट-गाइड से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें संपूर्ण दल की वर्दी प्रतियोगिता, मार्च पास्ट, कलर पार्टी, प्राथमिक चिकित्सा एवं गांठ बंधन प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों द्वारा सामूहिक रूप से कैंप फायर की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को और भी रोचक एवं उत्साहपूर्ण बना दिया। प्रधानाचार्य रामदास अनिल सिंह संतोष त्रिपाठी सुमन त्रिपाठी राघवेन्द्र मिश्रा कैलाश चंद्र राजपूत शिवोम द्विवेदी डॉ.बृजभूषण सिंह आदि उपस्थित रहे

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा, सहयोग, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।निर्णायक मण्डल भारती मिश्रा,हिमलेश शाक्य, सीमा, योगेश कुमार, पुष्पेंद्र कुमार शर्मा, तरुण शुक्ला एवं गजेंद्र सिंह चौहान।रहे कार्यक्रम का संचालन भारती मिश्रा ने किया ।प्रमोद चंद्र गंगवार,हरिराम त्रिवेदी वैभव सोमवंशी निर्मला सिंह आदि उपस्थित रहे ।
मुरार नगर में जनता बेहाल, ब्लॉक की व्यवस्था सवालों के घेरे में
Sb न्यूज ब्यूरो रितेश मिश्रा
संडीला, हरदोई। ग्राम सभा सोम के मुरार नगर में जलनिकासी की बदहाली ने विकास के दावों की हकीकत उजागर कर दी है। दो माह से अधिक समय से सुरेंद्र सिंह के घर से नरेश राठौर तक और राकेश सोनी के मकान से शमशाद तक रास्तों पर गंदा पानी भरा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, ब्लॉक कार्यालय और सीएम जनसुनवाई पोर्टल तक शिकायत पहुंचाने के बावजूद कोई अधिकारी समस्या का समाधान कराने नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब छोटी-सी जलनिकासी समस्या का समाधान दो महीने में नहीं हो पा रहा, तो विकास कार्यों की निगरानी किसके भरोसे है? आखिर ब्लॉक के जिम्मेदार कर्मचारी अपनी जवाबदेही कब निभाएंगे?

गुफरान, राकेश सोनी, रविशंकर मिश्रा, रामनरेश यादव, राकेश पाण्डेय, हिमांशु मिश्रा, आलोक पाण्डेय, जुम्मादीन, हरिशंकर गुप्ता और हरिप्रसाद शुक्ला सहित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान में हरदोई भाजपा का शक्ति प्रदर्शन,
120 बसों एवं 480छोटे वाहनों से लखनऊ पहुंचे हजारों कार्यकर्ता

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत निकाली गई विशाल परिवर्तन यात्रा में हरदोई जनपद से हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन के नेतृत्व में हरदोई से 120 बड़ी बसों एवं 480छोटे वाहनों के माध्यम से जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का विशाल काफिला लखनऊ पहुंचा।
लोक भवन से परिवर्तन चौक तक निकाली गई इस विशाल परिवर्तन यात्रा में हरदोई के कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश, उत्साह और अनुशासन के साथ सहभागिता की। यात्रा में जनपद के सभी माननीय जनप्रतिनिधिगण, सभी ब्लॉक प्रमुख, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में देवतुल्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
भाजपा के झंडों और तिरंगों से सुसज्जित कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण पूरे यात्रा मार्ग पर देखने को मिला। हरदोई से हजारों कार्यकर्ताओं की व्यापक सहभागिता ने संगठन की एकजुटता और मजबूती का प्रभावशाली संदेश दिया।
जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह और समर्पण के साथ इस अभियान में सहभागिता की है, वह संगठन की सामूहिक शक्ति और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता का परिचायक है। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रहित और जनसेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
ग्राम मसफना में 12 नवंबर से सजेगा श्रीमद् भागवत कथा का भव्य दरबार

Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। ब्लॉक टोडरपुर क्षेत्र के ग्राम मसफना में श्रद्धा और भक्ति का भव्य आयोजन होने जा रहा है। गांव में संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 12 नवंबर 2026 से शुरू होगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। कथा के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी।
आयोजक श्री नरेंद्र रामकरण शर्मा जी ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ 12 नवंबर को होगा, जबकि कथा का समापन 18 नवंबर 2026 को किया जाएगा। कथा व्यास पंडित प्रह्लाद चंद्र तिवारी जी द्वारा श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म, सदाचार और जीवन के आध्यात्मिक महत्व का संगीतमय वर्णन सुनाया जाएगा।
परीक्षित : श्री रामकरन शर्मा एवं श्रीमती प्रेमादेवी शर्मा होगी।
आयोजक के अनुसार, कथा के दौरान प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक भंडारे का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 19 नवंबर 2026 को विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

आयोजक श्री नरेंद्र रामकरण शर्मा जी ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं ग्रामवासियों से विनम्र अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करें और पुण्य लाभ प्राप्त करें। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में सहयोग एवं सहभागिता की अपील की है।
बेनीगंज नगर पंचायत को मिली नए वाहनों की सौगात .

Sb न्यूज़ पीयूष तिवारी
बेनीगंज- नगर पंचायत बेनीगंज में नगर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और स्वच्छता अभियान को गति देने की दिशा में नए वाहनों एवं उपकरणों की आमद से नगरवासियों में खुशी का माहौल है। नगर पंचायत की ओर से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक ट्रैक्टर, दो ट्रॉली, वाटर टैंक एवं ट्रिपर सहित विभिन्न उपकरणों की खरीद की गई है। इन नए संसाधनों से जहां नगर की सफाई व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है, वहीं प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली प्रसिद्ध 84 कोसी परिक्रमा के दौरान भी श्रद्धालुओं और नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसी क्रम में मंगलवार को नगर पंचायत बेनीगंज के पानी टंकी परिसर में पहुंचे नए वाहनों एवं उपकरणों का कोथावां की नायब तहसीलदार आकांक्षा अग्निहोत्री ने निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपलब्ध वाहनों और उपकरणों की स्थिति का जायजा लेते हुए उनके रखरखाव से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद कामरान अंसारी को निर्देशित किया कि लाखों रुपये की लागत से खरीदे गए इन संसाधनों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से रखा जाए।
नायब तहसीलदार आकांक्षा अग्निहोत्री ने कहा कि सरकारी धन से खरीदे गए वाहन और उपकरण जनहित में उपयोग के लिए होते हैं। इसलिए इनकी सुरक्षा और नियमित देखरेख बेहद जरूरी है। उचित रखरखाव से न केवल इनकी कार्यक्षमता बनी रहेगी, बल्कि इनकी उपयोग अवधि भी बढ़ेगी और अनावश्यक मरम्मत पर होने वाले खर्च से बचा जा सकेगा।
नगर पंचायत के अनुसार, नए वाहनों और उपकरणों का उपयोग नगर क्षेत्र में कूड़ा संग्रहण, सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन तथा पानी के छिड़काव जैसे कार्यों में किया जाएगा। विशेष रूप से 84 कोसी परिक्रमा मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए इन संसाधनों की उपयोगिता और भी बढ़ जाएगी।
जनपद भदोही के 209188 परिवारों को मुख्यमंत्री ने दिया दीपावली का उपहार

*मातृशक्ति का सम्मान 'उज्ज्वला' से प्रकाशमान*





रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। मातृशक्ति का सम्मान 'उज्ज्वला' से प्रकाशमान आधारित दीपावली के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत ₹1,500 करोड़ की धनराशि से उत्तर प्रदेश के 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का वितरण मा.योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण चित्रांगन लान ज्ञानपुर   में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक ज्ञानपुर विपुल दूबे, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि संजय बिंद, जिलाधिकारी शैलेष कुमार व अन्य की उपस्थिति में किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के सभी लाभार्थियों को नि:शुल्क रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब अच्छी सरकार आती है तो लोकमंगल की कामना के साथ सबके हित के बारे में सोचती है। आज प्रदेश सरकार अंत्योदय लक्ष्य के साथ बिना भेदभाव हर पात्र नागरिक को लोक-कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कर रही है। प्रदेश में 'प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना' के अंतर्गत 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर के नि:शुल्क कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही, लाभार्थियों को दीपावली के अवसर पर निःशुल्क रसोई गैस सिलेंडर भी उपलब्ध कराया जा रहा है। मै प्रदेशवासियों से कहूंगा...दीपावली आ रही है, इस अवसर पर जो भी खरीदें, वह स्वदेशी खरीदें। हमारा कारीगर, हमारा हस्तशिल्पी, हमारा स्थानीय उद्यम जो कुछ भी बनाया होगा उसको खरीद कर के अपने घर में ले जाइए। दीपावली पर हमारे कुम्हारों द्वारा बनाया गया दीया जलाएं। हमारे कारीगरों द्वारा बनाई गई लक्ष्मी-गणेश जी की मूर्ति का पूजन करें।


उज्ज्वला लाभार्थियों को सिलेण्डर रिफिल सब्सिडी प्रतीकात्मक चेक वितरण कार्यक्रम में चित्रांगन लान उपर्युक्त जनप्रतिनिधियों व जिलाधिकारी द्वारा उज्ज्वला के नोडल अधिकारी,सेल्स आफिसर एवं गैस एजेंसी मालिकों तथा 510 उज्ज्वला गैस लाभार्थियों की उपस्थिति में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया एवं मुख्यमंत्री  के उद्बोधन को सुना गया।तत्पश्चात् 10 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरण किया गया। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का शुभारम्भ 01 मई, 2016 को, उ०प्र० से की गयी थी।

जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ,जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा,सांसद के प्रतिनिधि संजय बिंद ने अपने संबोधन में कहा कि माननीय प्रधानमंत्री व माननीय मुख्यमंत्री अंत्योदय वर्ग को भी विकास की मुख्य धारा के साथ लेकर चलते हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार हमेशा गरीबों के साथ खड़ी है। दीपावली त्यौहार पर माननीय मुख्यमंत्री ने जनपद के
209188 परिवारों को अनुदान उनके खाते में भेज कर दीपावली उपहार दिया है।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि जनपद भदोही में 42 गैस एजेंसियों के द्वारा 209188 परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत गैस कनेक्शन निर्गत किये गये है। सामान्य गैस रिफिल की कीमत लगभग 1005 रू0 होती है, जिसमें सामान्य गैस कनेक्शन धारक को 59 रू0 की सब्सिडी दी जाती है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस रिफिल पर केन्द्र सरकार द्वारा रू-359 की सब्सिडी दी जाती है। प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष दीपावली व होली पर 01-01 गैस रिफिल की रू-646 की सब्सिडी देकर निःशुल्क गैस सिलेण्डर रिफिल प्रदान किया जाता है।

जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की गैस रिफिल की कीमत 1005 रू0 है। जिसमें भारत सरकार सब्सिडी 359 रू0 तथा उ०प्र० सरकार सब्सिडी दीपावली 646 रू. दी जाती है।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शुभांगी शुक्ला, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील, समस्त सप्लाई इंस्पेक्टर, गैस वितरक एजेंसी प्रतिनिधि, लाभार्थी , जनपद वासी उपस्थित रहे।
दीपावली पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सौगात*
*जनपद के 1,65,786 लाभार्थियों के बैंक खातों में राज्य सरकार द्वारा ₹10.58 करोड़ से अधिक की सब्सिडी का अंतरण*

विधायक भोजपुर की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ कार्यक्रम, पात्र लाभार्थियों को वितरित किए गए स्वीकृति पत्र*

फर्रुखाबाद । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कर-कमलों द्वारा दीपावली के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र लाभार्थियों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ लोक भवन, लखनऊ में किया गया। इस दौरान प्रदेश सरकार द्वारा लगभग ₹1500 करोड़ की धनराशि लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के रूप में उपलब्ध कराई जा रही है।

कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदर्शित किया गया। इस दौरान विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर की गरिमामयी उपस्थिति में जनपद स्तर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं लाभार्थियों ने मा० मुख्यमंत्री जी के संबोधन तथा प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।

कार्यक्रम के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी अनिल यादव ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत जनपद में हुई प्रगति एवं योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का शुभारंभ वर्ष 2016 में किया गया था। इस योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब एवं वंचित परिवारों की महिलाओं को धुएं से मुक्त स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क घरेलू गैस कनेक्शन के साथ गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, रेगुलेटर एवं पाइप उपलब्ध कराया जाता है, जिससे महिलाओं को पारंपरिक ईंधन से होने वाले धुएं एवं उससे जुड़ी परेशानियों से राहत मिल सके।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 से अब तक जनपद में कुल 1,65,786 पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इनमें इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड  के 96,947, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के 19,813 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के 49,026 लाभार्थी शामिल हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 से उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दीपावली एवं होली जैसे प्रमुख त्योहारों पर दो निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी। इसके क्रम में सब्सिडी अंतरण की व्यवस्था प्रारंभ की गई, जिसके माध्यम से गैस सिलेंडर रिफिल की धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में अंतरित की जाती है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के सभी पात्र लाभार्थियों को दो निःशुल्क सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल वितरण की व्यवस्था दो चरणों में निर्धारित की गई है। प्रथम चरण में अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक तथा द्वितीय चरण में जनवरी से मार्च 2027 तक लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ प्रदान किया जाएगा। दीपावली पर्व के अवसर पर प्रथम चरण के अंतर्गत एक निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल सभी पात्र उज्ज्वला लाभार्थियों को उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जनपद में घरेलू गैस सिलेंडर रिफिल का उपभोक्ता मूल्य ₹965.00 है। इसमें केंद्र सरकार द्वारा ₹323.24 की सब्सिडी तथा राज्य सरकार द्वारा ₹641.76 की सब्सिडी अनुमन्य है। इस प्रकार पात्र उज्ज्वला लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल की पूरी धनराशि सब्सिडी के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि आज आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद फर्रुखाबाद के कुल 1,65,786 उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के बैंक खातों में राज्य सरकार द्वारा कुल ₹10,58,90,400 (दस करोड़ अट्ठावन लाख नब्बे हजार चार सौ रुपये) की सब्सिडी धनराशि अंतरित की जा रही है। इस धनराशि से दीपावली के अवसर पर पात्र परिवारों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ प्राप्त होगा।

कार्यक्रम में उपस्थित विधायक भोजपुर नागेन्द्र सिंह राठौर एवं अन्य अतिथियों द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इस दौरान उन्होंने योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को उपलब्ध कराए जा रहे लाभों की जानकारी दी तथा कहा कि उज्ज्वला योजना का उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक स्वच्छ रसोई ईंधन की सुविधा पहुंचाना है। त्योहारों के अवसर पर निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा से लाभार्थी परिवारों को आर्थिक सहायता प्राप्त होती है।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भाजपा फतेहचंद्र वर्मा, जिला उपाध्यक्ष भाजपा वीरेंद्र कठेरिया, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी अनिल यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।
एम्बुलेंस सेवाओं के रिस्पॉन्स टाइम में सुधार के लिए होगी हॉटस्पॉट की नियमित समीक्षा, दो नए स्थल चिह्नित
फर्रुखाबाद।
सीएमओ की अध्यक्षता में 102 एवं 108 एम्बुलेंस सेवा की समीक्षा बैठक, त्वरित रिस्पॉन्स और बेहतर व्यवस्थाओं पर दिया गया जोर

102 एवं 108 एम्बुलेंस सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय से चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एम्बुलेंस सेवाओं के रिस्पॉन्स टाइम  सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान जिले में दो नए हॉटस्पॉट स्थलों को चिह्नित किया गया, जिससे जरूरत के समय एम्बुलेंस की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

जमापुर चौराहा और पुलिस चौकी सराह बने नए हॉटस्पॉट

समीक्षा के दौरान जिले में जमापुर चौराहा एवं पुलिस चौकी सराह को नए एम्बुलेंस हॉटस्पॉट स्थलों के रूप में चिह्नित किया गया। इन स्थानों पर एम्बुलेंस की तैनाती की व्यवस्था से आसपास के क्षेत्रों में आपातकालीन कॉल प्राप्त होने पर कम समय में सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही पूर्व निर्धारित हॉटस्पॉट स्थलों की भी नियमित समीक्षा कर आवश्यकता के अनुसार बदलाव करने के निर्देश दिए गए।

ईएमटी और पायलट की कार्यप्रणाली पर रहेगी नजर

एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी एवं पायलट की दैनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा करने, उनकी उपस्थिति एवं ड्यूटी व्यवस्था पर नजर रखने तथा सभी कर्मचारियों को निर्धारित यूनिफॉर्म में रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित बैठकों में नियमित प्रतिभाग करने और आपसी समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया।

वाहनों और जीवनरक्षक उपकरणों की नियमित जांच के निर्देश

एम्बुलेंस वाहनों का समय-समय पर नियमित मेंटेनेंस कराने तथा उनमें निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीज को एम्बुलेंस के भीतर ही आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सके।

त्वरित रिस्पॉन्स से बेहतर होगी आपातकालीन सेवा

बैठक में को रोकने तथा एम्बुलेंस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए विशेष समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। अधिक कॉल प्राप्त होने वाले क्षेत्रों का विश्लेषण कर एम्बुलेंस की उपलब्धता और रिस्पॉन्स टाइम में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने पर भी जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त ईएमटी एवं ईएमई द्वारा पीएम कार्यालय में संबंधित बिंदुओं पर समीक्षा किए जाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कटारिया, सहायक शोध अधिकारी विकास कुमार, फार्मासिस्ट आशीष कुमार शुक्ला, कार्यक्रम प्रबंधक 108/102 श्री सचिन राज एवं जिला प्रभारी 108/102 कौशल किशोर उपस्थित रहे।